एक घर ऐसा भी है जिसमे हर पल आनंद का प्रसार होता रहता है. जिसमे हर ओर सच्चाई
का प्रकाश रहता है. यह सौभाग्य है मेरा कि आपको ऐसे एक शानदार घर से रूबरू कराने
का अवसर मुझे ईश्वर ने दिया है. घर के प्रवेश द्वार पर लिखा है “जन्नत : ईश्वर का
आशीर्वाद” और जैसे ही आप घर के भीतर जाते है आपका ध्यान पड़ता है दीवारों पर लिखे
शानदार और असरदार विचारों पर. विचार जैसे कि वह बदलाव खुद में लेकर आइए जो आप
दुनिया में देखना चाहते हैं : महात्मा गाँधी, जो आप सोचते हैं वह आप बन सकते हैं :
विलिअम जेम्स, आपकी शक्ति अनंत है, आपके भीतर सौभाग्य के बेहिसाब बीज हैं, आपका
जन्म पूरी पृथ्वी के लिए एक बेमिसाल वरदान है और आज आपके जीवन का एक यादगार दिन
है.
ऐसे कमाल के विचार पढ़ कर आप सचमुच अपनी अंदरूनी महानता से जुड़ जाते हैं. और
जैसे ही आप इन दीवारों के संदेशों को पढ़ते हुए घर के भीतर प्रवेश करते हो तो आपका
ध्यान जाता है एक लिखे हुए संदेश पर, जो कह रहा है कि अगर खुद को जानना है तो इस
कमरे में प्रवेश कीजिए और जैसे ही आप उस कमरे में प्रवेश करते हैं आप पाते हैं एक
विशाल पुस्तकालय जो चिल्ला चिल्ला कर कह रहा है कि इन पुस्तकों में मानवता का अमर
और सफल इतिहास लिखा है. पुस्तकों के शीर्षक पढ़ कर ही आपके भीतर एक नई उर्जा का उदय
होने लगता है जैसे लोक व्यवहार, सोचिये और अमीर बनिए, आपके अवचेतन मन की शक्ति,
बड़ी सोच का बड़ा जादू और आपके अंदरूनी विकास से जुड़ी हजारों पुस्तकें वहां रखी हुई
हैं.
उस कमरे में एक शानदार बात यह लिखी थी कि अक्सर अच्छी पुस्तकें पढ़ कर इंसान की
सोयी हुई अंदरूनी शक्ति जाग जाती है और फिर वो इतिहास रचने की ओर अग्रसर हो उठता
है. हर इन्सान इतिहास रच सकता है, हर इंसान खुद को खोद कर खुद को पा सकता है.
जिसने भी खुद को खोदा है और खुद पर मेहनत की है उसके हाथ कभी खाली नहीं रहे, उसने
जीवन की महान दौलत को पाया है. जीवन की महान दौलत है आपके भीतर छुपी ईश्वर की
ज्योति. आपकी सच्ची पहचान यह है कि आप ईश्वर की संतान हैं, आप सौभाग्य के बच्चे
हैं, आप एक बेमिसाल वरदान हैं पूरी कायनात के लिए. यह घर की कथा तो काल्पनिक थी पर
इसका संदेश पूरी तरह सच्चाई पर टिका है कि आपकी अंदरूनी शक्ति सचमुच अनंत है. आप
अनमोल हैं.
Comments
Post a Comment